Sunday, April 1, 2018

पुष्य नक्षत्र

ज्योतिष मे पुष्य नक्षत्र की बड़ी महिमा बताई गई है ।इस नक्षत्र मे प्रायः समस्त कार्यो की सिद्धि होती है जिससे इसे सिद्ध नक्षत्र की संज्ञा प्रदान की गई है ।बृहस्पतिवार को इस नक्षत्र का योग होने से गुरुपुष्य नामक सिद्धयोग होता है।कहा गया है कि सभी विरूद्ध योगों के रहने पर भी पुष्य का संयोग कार्य सिद्धि का सूचक होता है।पुष्य नक्षत्र अन्य योग - नक्षत्रों के दोष को दूर करता है परन्तु पुष्य के गुण किसी भी दुर्योग आदि द्वारा नष्ट नही हो सकते।
बृहस्पतिवार को पुष्य नक्षत्र के समागम के अवसर पर कर्क राशीश चन्द्रमा की प्रबलता के साथ बृहस्पति भी अपनी उच्च राशि के संक्रमणवत बलवत्ता से पार्थिव मानवों को अनुग्रहीत करने हेतु कटिबद्ध रहता है।शुभ मांगलिक कर्मो के संपादन हेतु गुरु- पुष्य योग वरदान सिद्ध होता है।बृहस्पति ग्रह का उद्धव पुष्य नक्षत्र से ही हुआ था जैसा ऋग्वेद मे कहा गया है-
  बृहस्पतिः प्रथमं जायमानो महो  ज्योतिषः परमे व्योमन् ( ऋग्वेद 4/50/4)
 कहा गया है कि चंद्रमा कितना ही निर्बल क्यो न हो ,शास्त्र वर्जित बड़ा से बड़ा दोष उपस्थित क्यो न हो ,पुष्य तज्जनित दुष्फल को चरितार्थ नही होने देता है।अष्टम् चन्द्रमा की स्थिति मे शास्त्रकारो ने पुष्यबेला मे सभी कर्म निर्भयता पूर्वक संपादित करने की आज्ञा प्रदान की है।विवाह हेतु ब्रह्मा द्वारा अभिशप्त होने के कारण यह नक्षत्र पाणिग्रहण संस्कार तथा तत्संबंधी समस्त कार्यों मे अग्राह्य है ।ब्रह्मा जी के द्वारा शापित होने की कथा ' विवाह वृन्दावन ' नामक ग्रन्थ मे उपलब्ध होती है।
रवि,सोम व बृहस्पति को पुष्य का योग अत्युत्तम, बुद्ध,व शनि को मध्यम फलप्रद व मंगल व शुक्र को उत्पातकारक होने से वर्जित है।नवमी को गुरुपुष्य योग ' विषयोग' कहलाता है अतः त्याज्य है।ज्येष्ठ मास मे भी यह योग विशेष उपयोगी नही होता है।
पुष्य नक्षत्र मे किये गये श्राद्ध से पितरो को अक्षय तृप्ति प्राप्त होती है एवं कर्ता को धन - पुत्र की प्राप्ति होती है ,इस संबध में नारद संहिता का वचन है - पौष्यद्वये पुष्यचतुष्टये च श्राद्धप्रदाता बहुपुत्रवान स्यात् ( नारद संहिता 37/20)
 दशमी तिथी को पुष्य का योग होने पर 'अमृत योग' होता है इस दिन श्राद्ध करने से पितर नित्यतृप्त व प्रसन्न रहते है -
दशम्यां पुष्य नक्षत्रे सुयोगोऽमृत संज्ञकः।
अर्चयेद्यः पितृस्त्र नित्यं तृप्तास्तु तस्य ते।।( नारद संहिता 55/11)

No comments:

Post a Comment